स्पष्टता न्यूज
रविवार, 27 सितंबर 2026 को कोलकाता की स्वनामधन्य सेवा संस्थान बाबा काली कमलीवाला पंचायत क्षेत्र की वार्षिक साधारण बैठक में पवन कुमार टिबडेवाला को समिति का सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

बाबा काली कमलीवाला पंचायत क्षेत्र समिति लगभग एक शताब्दी से भी ज्यादा समय से मुख्य रूप से उत्तराखंड की प्रमुख देवस्थली ऋषिकेश, हरिद्वार, गंगोत्री, यमुनोत्री, बद्रीनाथ, केदारनाथ, कुरुक्षेत्र आदि अनेक देव स्थानों में अपनी सेवाएं अनवरत रूप से प्रदान कर रही है। इस समिति की स्थापना लगभग सौ वर्षों पूर्व कोलकाता के धर्मानुरागी भामाशाह व्यापारी वर्गों द्वारा की गई एवं उस समय इसकी स्थापना एवं विस्तार का मुख्य उद्देश्य हिन्दू सनातन धर्म के अंतर्गत चारधाम यात्रा को जाने वाले श्रद्धालु यात्रियों को विकल्पों के अभाव में अधिकाधिक सुविधाएं प्रदान करना था।
आज से लगभग 30 वर्ष पूर्व तक उपरोक्त सभी देवस्थान अत्यंत ही दुर्गम तीर्थस्थल थे, जहां साधन संसाधनों का अत्यंत अभाव था। इन दुर्गम तीर्थस्थलों में बाबा कालीकमली वाला पंचायत क्षेत्र द्वारा अपनी सेवाएं शुरू करने से चारधाम यात्रा को जाने वाले श्रद्धालु तीर्थयात्रियों को यह दुर्गम यात्रा थोड़ी सहज प्रतीत होने लगी थी। वर्तमान में समिति के सभी सेवा प्रकल्प बिना किसी रुकावट के सफलता पूर्वक चल रहे है।
समिति की इस वार्षिक सभा में अपनी जनसेवा यात्रा को और सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए बहुआयामी प्रतिभा के धनी पवन कुमार टिबडेवाला को उपाध्यक्ष पद पर नवनियुक्त किया गया, जिससे संस्था के भावी उद्देश्यों की श्रृंखलाबद्ध तरीके से सफलतापूर्वक पूर्ति हो सके तथा पवन जी के मार्गदर्शन में इन सेवाओं का और अधिक व्यवस्थित रूप से विस्तार किया जा सके।
मीडिया प्रभारी सुरेन्द्र चमडिया ने बतलाया कि पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट एवं अपने विभिन्न प्रकार उद्योगों में संलग्न पवन कुमार टिबडेवाला सेवा के क्षेत्र में वर्तमान में मुख्यतः प्रेरणा फाउंडेशन के ट्रस्टी सचिव, कलकत्ता पिंजरापोल सोसाइटी के महामंत्री एवं साथ ही कई अन्य मर्चेंट एसोसिएशन के विभिन्न पदों पर रहते हुए जनसेवा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का सफतला प्रयास कर रहे हैं। समिति के उपाध्यक्ष पद पर नियुक्त होने पर उन्होंने समिति के पदाधिकारियों के विश्वास के प्रति अपनी कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए भरोसा दिलाया कि वे बाबा काली कमलीवाला पंचायत क्षेत्र के परचम को और अधिक ऊंचाइयों तक फहराने का प्रयास करेंगें ।
