स्पष्टता न्यूज
मुंबई। मेकर्स ने अभिनेत्री यामी गौतम की आगामी फिल्म ‘नई नवेली’ का ट्रेलर आज जारी कर दिया है, जिसके बाद फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है। फिल्म में यामी गौतम धर एक बिल्कुल अलग और अनदेखे अंदाज में नजर आने वाली हैं। ट्रेलर की शुरुआत एक शादी से होती है। परिवार वालों को लगता है कि उनके घर में एक साधारण बहू आई है। लेकिन आगे चलकर धीरे-धीरे नए-नए रहस्य सामने आने लगते हैं। परिवार के एक सदस्य को लगता है कि भाभी डायन है, लेकिन शुरुआत में कोई नहीं मानता। धीरे-धीरे बहू का असली रूप देखने को मिलता है। हालांकि ट्रेलर से फिल्म की कहानी पूरी तरह समझ नहीं आती है, क्योंकि ट्रेलर के आखिरी में रावण का भी जिक्र होता है और एक्शन सीन्स भी नजर आते हैं।
‘नई नवेली’ में यामी गौतम मोहिनी का किरदार निभा रही हैं। फिल्म की कहानी मेरठ की पृष्ठभूमि पर आधारित है। ट्रेलर की शुरुआत एक आम भारतीय परिवार और उसकी नई बहू से होती है। शादी की रस्में, परिवार के सदस्यों की नोक-झोंक और अलग-अलग तरह के किरदार कहानी को मजेदार बनाते हैं। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, परिवार के बीच छिपे कई राज सामने आने लगते हैं। फिल्म में ‘भाभी डायन है’ वाला रहस्य भी कहानी का अहम हिस्सा है। हालांकि, ट्रेलर को देखकर साफ है कि मामला सिर्फ एक डायन तक सीमित नहीं है। कहानी धीरे-धीरे एक ऐसी दुनिया में पहुंचती है, जहां कॉमेडी, रहस्य, फैंटेसी और एक्शन का जबरदस्त मेल देखने को मिलेगा।
