सिद्धेश्वर सनातन संसार ने 200 जरूरतमंदों को दिए कृत्रिम पैर जोका में आयोजित हुआ सेवा शिविर

स्पष्टता न्यूज

कोलकाता : परम पूज्य गुरुदेव ओम सिद्धेश्वर ब्रह्मर्षि जी के दिव्य मार्गदर्शन और प्रेरणा से सिद्धेश्वर वर्ल्ड फाउंडेशन (श्री ब्रह्मर्षि आश्रम-कोलकाता केंद्र) द्वारा जोका स्थित महावीर सेवा सदन (MSS Rehabilitation & Research Centre) में 4 अक्टूबर 2026 को एक भव्य एवं हृदयस्पर्शी सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 200 जरूरतमंद भाई-बहनों को निःशुल्क कृत्रिम पैर लगाए गए।

कार्यक्रम में गुरुदेव के प्रति अगाध श्रद्धा रखने वाले 70 से अधिक गुरुभक्त एवं सेवाभावी लोग उपस्थित थे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथियों के रूप में उपस्थित प्रख्यात समाजसेवी श्री पन्नालाल जी कोचर, श्री महेंद्र जी बछावत, श्री संजय जी कोठारी एवं श्री जितेंद्र जी मेहता का महावीर सेवा सदन के पदाधिकारियों द्वारा भावभीना सम्मान किया गया।

श्री ब्रह्मर्षि आश्रम-कोलकाता केंद्र की महिला प्रेसिडेंट श्रीमती सुनीता जी राखेचा ने महावीर सेवा सदन को उनके पुनीत कार्य के लिए बधाई दी। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को तिरुपति आश्रम की लोक-कल्याणकारी गतिविधियों तथा गुरुदेव के अध्यात्म एवं दर्शन से परिचित कराया।

मुख्य अतिथि श्री पन्नालाल जी कोचर ने भी सदन की प्रगति की सराहना करते हुए अपने जीवन पर गुरुदेव की असीम कृपा एवं चमत्कारों के अनुभव साझा किए।

महावीर सेवा सदन के श्री जे. एस. मेहता ने अत्यंत भावुक होकर कहा, “यह कृत्रिम पैर केवल 200 व्यक्तियों को नहीं, बल्कि 200 परिवारों को मिले हैं। जो व्यक्ति कल तक लाचार होकर परिवार पर निर्भर था, वह आज अपने पैरों पर खड़ा होकर अपने परिवार का संबल और सबसे बड़ी संपत्ति बन गया है।”

उन्होंने बताया कि सदन में कृत्रिम अंग लगाने के साथ-साथ मूक-बधिर एवं मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष कक्षाएँ भी संचालित की जाती हैं, ताकि उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके।

इस सेवा कार्यक्रम से प्रेरित होकर उपस्थित अनेक नए एवं पुराने गुरुभक्तों ने भक्तिभाव से भविष्य में तन, मन और धन से सहयोग करने का आश्वासन दिया।

महावीर सदन के फाउंडर प्रेसिडेंट जे. एस. मेहता ने स्पश्टता न्यूज से कहा कि महावीर सेवा सदन करीब 42 वर्ष पूर्व 200 फीट स्क्वायर के एक छोटे से बेसमेंट से आरंभ हुआ था और आज हम इस स्तर पर पहुँच चुके हैं। करीब 5 लाख से अधिक व्यक्तियों को हमने कृत्रिम पाँव लगाए हैं और हमारी जितनी सेवाएँ हैं, सब निःशुल्क हैं। सीपी चिल्ड्रन केयर डिपार्टमेंट है।

महावीर सेवा सदन के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर विनय प्रकाश सेठिया ने स्पष्टता न्यूज से कहा कि स्पेशल चिल्ड्रेन डिपार्टमेंट जोका, आमगाछिया में और एक बालपुर में है। जो सेवाएं हम लोग देते हैं, वो संपूर्ण रूप से निःशुल्क हैं।

आज हमारे श्रीमान पन्नालाल कोचर विशिष्ट मेहमान थे। पन्नालाल कोचर ने कहा कि मेरे लाइफ का ऐसा प्रोग्राम मैंने देखा नहीं है। मैं सेवा का काम 20- 30 साल से कर रहा हूँ। मेरा खुद का स्कूल है, हॉस्पिटल भी है, हमारी संस्था का डेंटल कॉलेज भी है। हम सेवा का काम जरूर करते हैं, लेकिन जो सेवा का काम ये संस्था कर रही है, यह न केवल बंगाल में जबकि देश में एक अनोखा उदाहरण है। उन्होंने बताया कि आज 100 लिम्ब बांटे गये।

कार्यक्रम के समापन पर सुश्री निधि राखेचा ने आश्रम द्वारा राजस्थान, हरियाणा एवं पंजाब में चलाए जा रहे महिला शिक्षा, पेयजल तथा अन्य सामाजिक प्रकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने सभी उपस्थित जनों से आग्रह किया कि आगामी 10 जनवरी 2027 को कोलकाता के धन धान्य ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम में सपरिवार एवं मित्रों सहित अवश्य पधारें, ताकि अधिक से अधिक लोग गुरुदेव के पावन सानिध्य का लाभ उठा सकें।

सुरुचिपूर्ण भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।

Related posts

Leave a Comment