200 से अधिक सदस्यों ने लिया हिस्सा
स्पष्टता न्यूज
कोलकाता, 4 अक्टूबर। जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गनाइजेशन (जीतो) की यूथ विंग, कोलकाता द्वारा ‘नेटवर्किंग विद फन – कनेक्शंस बियॉन्ड बिजनेस’ नाम से रविवार को एक अनूठे नेटवर्किंग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। एल्गिन रोड के फोरम मॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में 125 से अधिक जीतो यूथ सदस्यों के साथ-साथ जीतो मेन विंग और लेडीज विंग के 75 से ज्यादा सदस्यों ने शिरकत की। कुल 200 से ज्यादा लोग इसमें शामिल हुए। नेटवर्किंग विद फन कार्यक्रम का लोगों ने काफी आनंद उठाया।
पूरे जीतो परिवार के बीच आपसी संवाद, सार्थक संबंध और परस्पर जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए यह आयोजन एक जीवंत मंच साबित हुआ। पारंपरिक नेटवर्किंग कार्यक्रमों से हटकर इस पहल की रूपरेखा एक बेहद सरल और प्रभावी विचार पर आधारित थी—‘नेटवर्क, बॉन्ड और हैव फन टुगेदर’ (जुड़ें, संबंध बनाएं और साथ में आनंद लें)। कार्यक्रम की शुरुआत एक इंटरएक्टिव नेटवर्किंग सत्र से हुई, जहां युवा सदस्यों ने अपना परिचय दिया, पेशेवर संपर्क साझा किए और एक-दूसरे के सहयोग व विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान वरिष्ठ सदस्यों ने भी युवाओं का उत्साहवर्धन किया और अपने अनुभव साझा किए।
जीतो कोलकाता यूथ चेयरमैन यश दुगड़ ने स्पष्टता न्यूज से कहा कि यह आयोजन एक शुरुआत थी, पिक्चर अभी बाकी है। बहुत सारे इवेंट्स होने वाले हैं। जीतो यूथ का एक ही मोटिव है—सबको एक साथ जोड़ना। सेवा, नॉलेज और इकोनॉमिक एम्पावरमेंट यह हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि यूथ एक साथ जुड़ेगा और मिलकर बिज़नेस करेगा, तो इससे अच्छा और कुछ भी नहीं है, क्योंकि यूथ, यूथ के साथ कनेक्ट कर सकता है।

जीतो कोलकाता चेयरमैन रोहित सुराणा ने कहा कि देखिए, यूथ एक अलग तरीके का नेटवर्किंग चाहता है। यूथ विंग की कमिटी के अगुआ यश और जयेश ने बहुत अच्छी एक शुरुआत की। आपसी संपर्क को बिज़नेस के साथ जोड़ा और लाइव दिखाया कि अगर हम लोग सब एक साथ आते हैं, तो कितना बिज़नेस संग में कर सकते हैं।
जीतो कोलकाता यूथ सेक्रेटरी आयुष जैन ने कहा कि काफी अच्छा इवेंट था, जीतो यूथ विंग से बहुत लोग आए थे। यह हमारी पहली इवेंट थी। इतना अच्छा रिस्पॉन्स देखने के बाद तो हमें कॉन्फिडेंस आ रहा है कि अगला जो भी हम इवेंट रखेंगे वो भी इतना ही सक्सेसफुल होगा।
जीतो कोलकाता यूथ चीफ सेक्रेटरी जयेश चौरड़िया ने कहा कि उद्देश्य बस एक ही है कि लोगों को जोड़ना है। जितने लोग जुड़ेंगे उतनी यह संस्था बड़ी होगी और व्यापार भी बड़ा होगा। लोगों को नौकरी भी मिलेगी। जीतो में बड़े-बड़े एम्प्लॉयर्स बैठे हैं जो जॉब देते हैं। एक पूरा पोर्टल है जॉब्स के लिए। साथ में बिज़नेस नेटवर्किंग भी बहुत अच्छी होती है।
जीतो कोलकाता यूथ वाइस चेयरमैन चिराग भूतोड़िया ने कहा कि आज नेटवर्किंग विद फन काफी अच्छा इवेंट था, बहुत सारे लोग आये और नेटवर्किंग हुई, एक तरीके का नॉलेज डिस्ट्रीब्यूशन हुआ, साथ ही में एक फन इवेंट हो गया, मूवी भी थी।
जीतो कोलकाता यूथ सेक्रेटरी अदिति सिंघी ने कहा कि कार्यक्रम बहुत अच्छा था। मूवी भी देखने को मिली।
जीतो कोलकाता यूथ वर्किंग कमेटी सदस्य यश कोचर ने कहा कि इस आयोजन के जरिये मुझे बहुत सारे लोगों के साथ नेटवर्क बनाने का मौका मिला। यहां हर कोई एक दूसरे से संपर्क का इच्छुक था।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख पदाधिकारियों में रोहित सुराणा – जीतो कोलकाता चेयरमैन, पंकज मालू – जीतो कोलकाता चीफ सेक्रेटरी, खिलेन शाह – जीतो कोलकाता कोषाध्यक्ष, यश दुगड़ – जीतो कोलकाता यूथ चेयरमैन, जयेश चौरड़िया – जीतो कोलकाता यूथ चीफ सेक्रेटरी, ऋषि जैन – जीतो कोलकाता यूथ कोषाध्यक्ष, चिराग भूतोड़िया – जीतो कोलकाता यूथ वाइस चेयरमैन, विनम सुराणा – जीतो कोलकाता यूथ वाइस चेयरमैन, अदिति सिंघी – जीतो कोलकाता यूथ सेक्रेटरी और आयुष जैन – जीतो कोलकाता यूथ सेक्रेटरी शामिल थे।
प्रायोजकों में टाइटल स्पॉन्सर त्रिवेणी एजेंसीज (निधि सरावगी एवं शुभम सराफ), एसोसिएट स्पॉन्सर वाइकॉम (राजेश भूतोड़िया एवं चिराग भूतोड़िया) और हेल्थ स्नैक्स पार्टनर ग्रब्ज (हर्ष बैद) थे।

