रियाद एयरपोर्ट पर हमले में 300 लोग जख्मी, 11 भारतीय भी घायल

स्पष्टता न्यूज

रियाद। सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले में कम से कम 11 भारतीय घायल हुए हैं। इस हमले में 12 लोगों की मौत हुई है, जबकि 300 से अधिक लोग घायल बताए गए हैं। भारतीय दूतावास ने रविवार को यह जानकारी दी। दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर बयान जारी कर बताया कि वह शनिवार को हुए हमले के बाद से स्थिति पर नजर रख रहा है। दूतावास के मुताबिक, हमले में घायल भारतीयों की जानकारी मिलने के बाद अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन से संपर्क किया है। दूतावास ने कहा, “जानकारी मिली है कि हमले में 11 भारतीय घायल हुए हैं। दूतावास उनकी स्थिति के बारे में जानकारी लेने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है। हमारे अधिकारियों ने अस्पताल प्रशासन से भी संपर्क किया है।


विदेश मंत्रालय ने इससे पहले पिछले कई दिनों से रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों की कड़ी निंदा की थी। मंत्रालय ने 10 अक्तूबर को हुए हमले का भी जिक्र किया।


विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, “हम पिछले कुछ दिनों से रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हो रहे बार-बार के हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। इनमें 10 अक्टूबर को किया गया कायरतापूर्ण हमला भी शामिल है। इन हमलों में लोगों की जान गई है, कई लोग घायल हुए हैं और संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। हम मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।”

Related posts

Leave a Comment