शायद आतंकी या सनकी था को-पायलट’

स्पष्टता न्यूज


ट्रंप ने भारतीय पायलट की बहादुरी को सराहा
वॉशिंगटन। फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 में कथित तौर पर हुए मिड-एयर हमले ने विमान में सवार यात्रियों और क्रू की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। इस घटना के दौरान भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार ने गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद जिस तरह कॉकपिट का दरवाजा खोलने में मदद की, उसकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तारीफ की और उन्हें ‘हीरो’बताया। ट्रंप ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि उन्होंने इस घटना को लेकर इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की। ट्रंप के मुताबिक, विमान के को-पायलट ने कथित तौर पर पायलट पर हमला किया। उन्होंने हमलावर के बारे में कहा कि वह “शायद आतंकवादी या शायद सनकी” हो सकता है।

हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और हमले का मकसद अभी जांच के दायरे में है। ट्रंप ने कैप्टन स्मित मच्छार की भूमिका का जिक्र करते हुए कहा कि पायलट की हालत बेहद खराब थी, लेकिन उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में अहम भूमिका निभाई। उनके मुताबिक, इसी के बाद विमान में मौजूद यात्रियों और क्रू को कथित हमलावर को रोकने का मौका मिला। इस्राइल के विदेश मंत्रालय ने भी कैप्टन स्मित मच्छार को ‘हीरो’ बताते हुए उनकी बहादुरी की सराहना की। विमान में हुए चाकूबाजी के मामले के बाद अमेरिका ने अपने नागरिकों को भरोसा दिलाया है कि फिलहाल देश के खिलाफ कोई विश्वसनीय खतरा नहीं है। अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि सरकार ऐसी हर घटना को गंभीरता से ले रही है और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है। मुलिन ने कहा कि अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियां मौजूदा प्रक्रियाओं की जांच कर रही हैं, ताकि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related posts

Leave a Comment