स्पष्टता न्यूज़
पुरुलिया। ईमानदारी आज भी जिंदा है और इंसानियत की मिसाल पेश करने के लिए बड़े पद या संपन्नता की जरूरत नहीं होती। पुरुलिया रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे एक अस्थायी होमगार्ड ने अपनी ईमानदारी से यह साबित कर दिया। स्टेशन पर करीब दो लाख रुपये मूल्य का हीरे जड़ित सोने का ब्रेसलेट मिलने के बाद उन्होंने उसे अपने पास रखने के बजाय तत्काल जीआरपी थाने में जमा करा दिया। पुलिस ने जांच और जरूरी कागजात के सत्यापन के बाद ब्रेसलेट उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया। होमगार्ड के इस सराहनीय कदम की पुलिस प्रशासन से लेकर आम लोगों तक प्रशंसा हो रही है। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम बांकुड़ा जिले का एक किशोर अपने दोस्तों के साथ ट्रेन पकड़ने के लिए पुरुलिया रेलवे स्टेशन पहुंचा था।
इसी दौरान उसके हाथ से करीब दो लाख रुपये कीमत का हीरे जड़ित सोने का ब्रेसलेट कहीं गिर गया। कीमती ब्रेसलेट गायब होने का पता चलते ही किशोर और उसके दोस्त परेशान हो गए। उन्होंने स्टेशन परिसर में काफी खोजबीन की, लेकिन ब्रेसलेट का कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार उन्होंने पुरुलिया जीआरपी थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
