टाइगर की हत्या करने पहुंचे थे शूटर, कोटा से तीनों गिरफ्तार

लॉरेंस गैंग ने सिर्फ ₹35 हजार में दिया था कॉन्ट्रैक्ट
विदेश भेजने का भी लालच दिया

स्पष्टता न्यूज़


मुंबई। एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले को लेकर मुंबई पुलिस ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। मुंबई पुलिस के डीसीपी ने बताया कि, जिस तरह से गोलियां चलाईं गईं। आरोपी मर्डर के प्लान से ही आए थे। उधर टाइगर की कार पर फायरिंग करने वाले हमलावर 15 घंटे में राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से पकड़े गए। टाइगर पर रविवार शाम 7 बजे हमला किया गया था। आरोपी जयपुर, दिल्ली के रास्ते नेपाल भागने की तैयारी में थे। मुंबई पुलिस से सूचना मिलने के बाद कोटा पुलिस ने सुबह 10:30 बजे रेलवे स्टेशन से पकड़ा। कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, तीनों पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से जयपुर जा रहे थे। जनरल कोच में हिरासत में लिया गया। इनके पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस गैंग के अनिल पंडित ने हमला करने का कॉन्ट्रैक्ट दिया था। अनिल ने वीडियो जारी कर इसकी जिम्मेदारी ली।टाइगर को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके बाएं हाथ में बारूद और कांच के टुकड़ों से चोट आई है। फायरिंग में उनके ड्राइवर को भी चोट लगी है। राजस्थान पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए तीनों संदिग्धों में दो हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। इनमें हरियाणा के सोनीपत का रेहान और बिहार के बेगूसराय का ऋतिक कुमार उर्फ रोशन शामिल हैं। मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, आरोपी करीब 10 दिनों से टाइगर श्रॉफ पर नजर रख रहे थे। उन्होंने उनके घर और जिम की भी रेकी की थी। फायरिंग से पहले आरोपियों ने 45 मिनट तक उस इलाके को जाना था। वे सोशल मीडिया पर पापराजी के वीडियो और ब्लॉगर्स के कंटेंट से भी टाइगर की लोकेशन और दिनचर्या की जानकारी जुटा रहे थे। रविवार को फायरिंग के बाद आरोपी मुंबई में एसवी रोड से विले पार्ले और अंधेरी की ओर भागे। उन्होंने अंधेरी वेस्ट रेलवे स्टेशन के पास अपनी बाइक छोड़ दी और ट्रेन में सवार हो गए। पुलिस ने बाइक बरामद कर ली थी।

Related posts

Leave a Comment