स्पष्टता न्यूज
हुगली। रोबोट बनाने के लिए बड़ी प्रयोगशाला या लाखों रुपये का निवेश न होने पर भी मजबूत इच्छाशक्ति और तकनीकी समझ से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। यह कर दिखाया है हुगली जिले के खानाकुल स्थित सारदा गांव के दो भाइयों कृष्णकांत दलुई और मधुसूदन दलुई ने। दोनों ने महज पांच हजार रुपये की लागत से ‘लुका’ नाम का एक रोबोट तैयार किया है। अब यह रोबोट पूरे गांव में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। हॉलीवुड की एनिमेटेड फिल्म ‘वॉली’ के किरदार से मिलता-जुलता यह रोबोट चौकोर सिर, धड़, लंबे हाथों और हरी रोशनी वाली आंखों के साथ नजर आता है। पहियों के सहारे चलने वाला लुका हाथ भी हिलाता है और लोगों से बातचीत भी करता है। हालांकि, उसके जवाब पहले से रिकॉर्ड किए गए हैं। रोबोट के सीने में लगे ब्लूटूथ के माध्यम से उसे लैपटॉप से जोड़कर बातचीत कराई जाती है। दुर्गापूजा से पहले स्थानीय पूजा समिति ने कुछ नया और आकर्षक बनाने का सुझाव दिया था। इसी से दोनों भाइयों को रोबोट बनाने का विचार आया। करीब 15 दिनों तक लगातार प्रयोग और मेहनत के बाद लुका तैयार हुआ। महा नवमी के दिन पूजा मंडप में पहली बार प्रदर्शित किए जाने के बाद से ही वह लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया।
