स्पष्टता न्यूज
नई दिल्ली। चक्रवात ‘अर्नब’ ओडिशा पहुंच गया है और वहां तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गयी है। आंध्र प्रदेश में चक्रवात अर्नब को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, चक्रवात के बुधवार तड़के दो से चार बजे के बीच तट से टकराने की आशंका है। संभावित लैंडफॉल को देखते हुए तटीय इलाकों में सतर्कता बरतने की जरूरत है। आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य के 20 जिलों में 2,131 चक्रवात राहत शिविर स्थापित किए हैं।
तूफान से प्रभावित होने की आशंका वाले क्षेत्रों में 1,087 चिकित्सा दलों को तैयार रखा गया है। इसके अलावा, 8,281 आपातकालीन बिस्तरों और 1,274 एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ ही 1,351 गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा बुलेटिन के अनुसार, मंगलवार दोपहर 2:30 बजे चक्रवात आंध्र प्रदेश के काकीनाडा से लगभग 140 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम से करीब 170 किलोमीटर दक्षिण में था। तूफान 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, इसके बुधवार सुबह तक बापटला और विशाखापत्तनम के बीच, यानम के पास तट से टकराने की आशंका है।
