बंगाल भाजपा अध्‍यक्ष ने की बंगाल में फिर एसआईआर कराने की मांग

स्पष्टता न्यूज

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सियासत तेज हो गई है। राज्य भाजपा अध्यक्ष और सांसद समिक भट्टाचार्य ने शनिवार को बंगाल में दोबारा एसआईआर कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले हुई यह प्रक्रिया अधूरी थी और इसे फिर से कराया जाना चाहिए।

कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर संविदा कर्मचारियों की ट्रेड यूनियन की शुरुआती बैठक में भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा की ओर से वह राज्य में नए सिरे से एसआईआर कराने की मांग कर रहे हैं। समिक भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि एसआईआर के दौरान ब्लॉक विकास अधिकारियों से लेकर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं तक को डराया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं को भी धमकाया गया। उनका दावा है कि अगर ऐसा नहीं होता तो मतदाता सूची से और भी ज्यादा फर्जी नाम हटाए जा सकते थे। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में एसआईआर के दौरान करीब 91 लाख नाम मतदाता सूची से हटाए गए थे। भट्टाचार्य ने 20 लाख से अधिक फर्जी स्वास्थ्य साथी कार्ड मिलने का दावा भी किया। उनके मुताबिक, यह आंकड़ा बड़े स्तर पर नाम हटाने की प्रक्रिया को सही साबित करता है।

Related posts

Leave a Comment