स्पष्टता न्यूज
कोलकाता। ‘शस्य श्यामला बंगभूमि’ और ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के पावन भाव को समर्पित करते हुए अर्थ फाउंडेशन द्वारा संपूर्ण देश और विश्व के कल्याणार्थ दो दिवसीय भव्य ‘श्री महालक्ष्मी वैदिक हवन-पूजन यज्ञ’ का आयोजन किया जा रहा है। यह अनुष्ठान 19 सितंबर से शुरू हो गया और 20 सितंबर रविवार) तक विधान गार्डन (उल्टाडांगा के समीप) में संपन्न हो रहा है।
इस पावन यज्ञ में देशभर से पधारे 51 प्रकांड वैदिक विद्वान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियां दे रहे हैं। आयोजकों के अनुसार, इस अनुष्ठान का मुख्य उद्देश्य समाज में शांति, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी आयोजक समिति के सिद्धार्थ मनोत और विशाल कुमार चौधरी ने दी। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से यज्ञ में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आह्वान किया है।
महानगर कोलकाता से काफी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं। आहुति देकर यज्ञ की शुरुआत हुई और दूसरी आहुति में माता गौरी को याद किया गया। मुख्य यजमान भी इस मौके पर शामिल हुए। इस यज्ञ में जयन्ती जैन, निशि जैन, आर के अग्रवाल, नारायण अग्रवाल के अलावा भी काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

स्पष्टता न्यूज से बात करते हुए डॉ माता शंकर पांडेय ने कहा कि आज इस पावन बंगाल की भूमि पर श्री महालक्ष्मी यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। आज महालक्ष्मी का जन्मदिन भी है और सभी भक्तों का कल्याण हो, सुख-समृद्धि, ऐश्वर्य प्राप्त हो—ऐसी मनोकामना के साथ अर्थ फाउंडेशन अपना कार्य कर रहा है।” उन्होंने बताया कि विश्व का कल्याण, जन का कल्याण और मां लक्ष्मी की कृपा सबके ऊपर बनी रहे। यज्ञ से बड़ा कोई श्रेष्ठ कर्म नहीं है।
प्रयागराज से आये आचार्य राघवेंद्र पांडे ने कहा कि यज्ञ में दिल्ली , हैदराबाद, मुंबई और कलकत्ता से लोग पधारे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कलकत्ता तो वैसे ही महालक्ष्मी का नगर है। महाकाली, महालक्ष्मी, महासरस्वती—ये तीनों देवी के रूप हैं। काली का ही कलकत्ता है, पहले कालीकत्ता नाम था। देवी के धाम में लक्ष्मी जी का यज्ञ होना विश्व कल्याण के लिए और खासकर नगरवासियों के लिए बहुत विशेष पुण्यप्रद है।
अंकित साव ने कहा कि कोलकातावासियों का यह सौभाग्य है कि बंगाल में पहली बार इस तरीके की महालक्ष्मी यज्ञ पूजन हो रहा है। 51 पंडितों को बनारस से बुलाया गया है और बहुत धूमधाम से पूरे कार्यक्रम को आयोजित किया गया है। द लायंस कोलकाता चैलेंजर्स से जुड़ी विनीता सिंह ने कहा कि इस तरह का आयोजन अर्थ फाउंडेशन की तरफ से पहली बार हुआ है। संस्था ब्लड डोनेशन्स और बहुत सारे सेवामूलक कार्य करती आ रही है।। यह यज्ञ वर्ल्ड पीस के लिए किया जा रहा है।
इस अवसर पर 20 सितंबर को आयोजित भजन संध्या में समस्तीपुर की रेशमी शर्मा, बीकानेर से प्रवेश शर्मा और कोलकाता के अरविंद सहल हिस्सा लेंगे।

