स्पष्टता न्यूज
पटना: बिहार में एसआईआर को लेकर सियासी घमासन जारी है। गांधी जयंती पर पटना के गांधी मैदान में महागठबंधन के नेताओं ने लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का मुद्दा उठाया। दीपंकर भट्टाचार्य ने एसआईआर और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
गांधी जयंती के अवसर पर पटना के गांधी मैदान में गांधी मूर्ति पर माल्यार्पण के बाद ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भाकपा माले, राजद समेत महागठबंधन के विभिन्न दलों के नेता, कार्यकर्ता, विधायक और पदाधिकारी शामिल हुए। मार्च के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची से हटाए गए नामों को वापस जोड़ने की मांग उठाई गई। भाकपा माले महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने गांधी मैदान स्थित गांधी मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ को संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए दीपंकर भट्टाचार्य ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनावों को भाजपा के पक्ष में प्रभावित किए जाने के गंभीर सवाल सामने आए हैं।
