कश्मीर में मारा गया आतंकी मूसा

स्पष्टता न्यूज

नई दिल्ली। पहलगाम आतंकी हमले के बाद से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर रहे पाकिस्तान स्थित प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-ताइबा के आतंकी हाशिम मूसा का मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में मंगलवार देर रात सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में मारा जाना आतंकवाद के खिलाफ चल रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि तो है ही, जम्मू-कश्मीर में सक्रिय लश्कर-ए-ताइबा के लिए भी बड़ा झटका है।

बताया जा रहा है कि मूसा पाकिस्तानी सेना का पूर्व पैरा-कमांडो था और घुसपैठ के जरिये कश्मीर घाटी में दाखिल हुआ था। वह पिछले कई वर्षों से पीर पंजाल रेंज के दोनों ओर कई हमलों में शामिल होने की वजह से भी वांछित था। गौरतलब है कि सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की संयुक्त कार्रवाई में आतंकियों से मुठभेड़ हुई और जवाबी कार्रवाई में मूसा मारा गया। इस अभियान की अहमियत इसलिए भी है कि पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने क्षेत्र में आतंकियों के पूरे नेटवर्क को समझने व उसे तोड़ने पर जोर दिया और अंतत: सफलता भी पाई। हालांकि, सुरक्षा बलों की नजर काफी समय से घाटी में सक्रिय लश्कर के चार आतंकियों-जुनैद अहमद, अबू ताल्हा, यासिर नायक और हाशिम मूसा पर थी। इनमें से जुनैद अहमद को दिसंबर, 2024 में, अबू ताल्हा को अप्रैल, 2025 में और यासिर नायक को पिछले ही महीने सेना ने ढेर कर दिया था।

Related posts

Leave a Comment