स्पष्टता न्यूज़
मुंबई। विदेश मंत्री एस. जयशंकर 20 अक्तूबर 2026 को मुंबई में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ वार्ता करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसकी जानकारी दी। जयशंकर इस दौरान अमेरिका की स्वतंत्रता के 250 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में वह मुख्य अतिथि होंगे। दूसरी ओर, अमेरिका के इलिनॉय राज्य स्थित औरोरा शहर में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर गोलीबारी करने की साजिश पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने चिंता व्यक्त की है।
प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अमेरिका में भारतीय समुदाय और भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ बढ़ती नस्लीय घृणा, एंटी-इंडिया हेट और नफरती अपराधों के मामलों पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने अमेरिकी प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए और वहां रह रहे भारतीय नागरिकों व हिंदू समुदाय की सुरक्षा, संरक्षा और भलाई सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि अब निर्णायक कार्रवाई की जरूरत है।
