स्पष्टता न्यूज़
लखनऊ। लखनऊ में कारोबारी शिवा की हत्यारोपी मॉडल श्रद्धा दुबे उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश को हजरतगंज पुलिस ने गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। वहां से तीनों को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इससे पहले पुलिस ने श्रद्धा दुबे उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश साढ़े छह घंटे पूछताछ की। पुलिस ने 120 सवाल किए। पुलिस ने मंगलवार दोपहर तीनों को नागपुर के बेतलारोड़ी इलाके के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया था। पुलिस टीम सुबह करीब पौने 10 बजे हजरतगंज कोतवाली लेकर पहुंची थी। यहां तीनों को पुलिस उपायुक्त मध्य अर्पित विजयवर्गीय के सर्विलांस कार्यालय में रखा गया। साढ़े चार बजे तक करीब छह घंटे पूछताछ की गई। देर शाम कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में तीनों हत्यारोपियों को प्रभारी सीजेएम बलवंत भारती की कोर्ट में पेश किया गया। वहां से 31 अक्तूबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में तीनों को जेल भेज दिया गया। डीसीपी मध्य के सर्विलांस कार्यालय में साढ़े छह घंटे की पूछताछ में पुलिस ने शिवा की हत्या, साजिश और 11 दिन की फरारी के दौरान मददगारों समेत तमाम बिंदुओं पर तीनों हत्यारोपियों से 120 सवाल दागे। पुलिस के सवालों के जवाब में श्रद्धा ने पूर्व में जारी किए वीडियो की बातें दोहराई। कई सवालों के गोलमोल जवाब दिए।
