स्पष्टता न्यूज़
बस्तलर। एक वक्त था, जब बस्तर के जंगलों में गोलियों की गूंज सुनाई देती थी, हर दिन नक्सली हमलों का डर रहता था… जवानों की शहादत और आम लोगों की मौत की खबरें सुर्खियां बनती थीं लेकिन इस बार तस्वीर बदली हुई है। बस्तर के उन्हीं जंगलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के वीर जवानों के साथ दिवाली मनाई। पीएम मोदी ने इसे नक्सलवाद के खिलाफ दशकों पुरानी लड़ाई में जीत की पहली दिवाली बताया। लेकिन इस मौके पर प्रधानमंत्री ने एक ऐसा संदेश भी दिया, जिसने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी। उन्होंने हथियारबंद नक्सलियों के खात्मे के साथ-साथ ‘दिमागी नक्सलियों’ से भी सावधान रहने की बात कही।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाते हुए कहा कि हथियारबंद नक्सलियों के सफाए के बाद भी देश में नक्सलवाद का खतरा खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘दिमागी नक्सली’ राजनीतिक दलों और संगठनों में घुसकर संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ लोगों को भड़का रहे हैं। कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने इस बयान पर आपत्ति जताते हुए प्रधानमंत्री पर दिवाली के मौके पर राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रधानमंत्री के जाति जनगणना और किसान आंदोलन से जुड़े पुराने बयानों का भी जिक्र किया। इस दौरान उन्होंने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और आदिवासी गीतों पर जवानों के साथ नृत्य किया। उन्होंने कहा कि जवानों के बलिदान और समर्पण से बस्तर में नक्सलवाद का खतरा खत्म हुआ है और अब क्षेत्र में विकास को नई गति मिल रही है। प्रधानमंत्री ने करनपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस का दौरा किया। यह कैंप अबूझमाड़ और बस्तर में अभियानों के लिए अहम केंद्र रहा है। यहां बने स्मारक पर उन्होंने नक्सल विरोधी अभियानों में बलिदान देने वाले सीआरपीएफ जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
