70 रन पर गिरे पांच विकेट, फिर तिलक वर्मा ने पलटी बाजी

स्पष्टता न्यूज

क्राइस्टचर्च। भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में टीम इंडिया ने रोमांचक जीत दर्ज की। भारतीय टीम ने 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड को छह विकेट से हराया। इस जीत के हीरो रहे तिलक वर्मा और नीतीश कुमार रेड्डी, जिन्होंने दबाव में शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारत को जीत दिलाई। मैच के बाद तिलक वर्मा ने खुलासा किया कि मुकाबले से पहले मुख्य कोच गौतम गंभीर और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने उन्हें खास संदेश दिया था। मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए तिलक वर्मा ने बताया कि गौतम गंभीर और सितांशु कोटक ने उन्हें अंत तक क्रीज पर टिके रहने की सलाह दी थी।

दोनों कोच ने तिलक से कहा था कि पूरी टीम और पूरा देश उन पर भरोसा करता है। तिलक ने कहा, ‘आज के मैच से ठीक पहले मेरी गौतम सर और सितांशु कोटक सर से बात हुई थी। उन्होंने मुझसे एक बात कही कि हम सभी को तुम पर भरोसा है और पूरे भारत को तुम पर विश्वास है। अगर तुम अंत तक क्रीज पर टिके रहे, तो हमारे लिए मैच जीत जाओगे।’

तिलक ने आगे कहा कि यही बात उनके दिमाग में चल रही थी। वह मैच को आखिरी तक ले जाना चाहते थे और उन्हें खुशी है कि वह अपने कोचों और देशवासियों के भरोसे पर खरे उतरे।

181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने 10.5 ओवर में 70 रन के स्कोर पर अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में तिलक वर्मा ने पारी को संभाला और एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी की। तिलक का साथ देने आए नमन धीर ने भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की। नमन ने 17 गेंदों पर 31 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच छठे विकेट के लिए 42 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसने भारत की जीत की उम्मीदों को जिंदा रखा। तिलक ने बताया कि उन्होंने नमन से अंत तक टिके रहने और स्कोरबोर्ड को लगातार आगे बढ़ाने के लिए कहा था।

Related posts

Leave a Comment