स्पष्टता न्यूज
कोलकाता। बंगाल में मानसून के शुरुआती महीनों में अपेक्षाकृत कम रहने के बाद डेंगू का प्रकोप अब तेजी से बढ़ रहा है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, अक्टूबर के पहले 23 दिनों में राज्य में डेंगू के 5,500 से अधिक नए मामले सामने आए हैं। सितंबर के अंतिम सप्ताह से संक्रमण में तेजी दर्ज की गई है। राज्य में जिलावार आंकड़ों के अनुसार, मुर्शिदाबाद में सबसे अधिक मामले सामने आए हैं। हावड़ा दूसरे और कोलकाता तीसरे स्थान पर है। उत्तर 24 परगना भी सर्वाधिक प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है। बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित जिलों की स्थिति की समीक्षा शुरू की है।
कोलकाता में इस वर्ष जनवरी से अक्टूबर की शुरुआत तक डेंगू के लगभग 2,800 मामले दर्ज किए गए। सितंबर के अंतिम सप्ताह में ही शहर में 1,270 नए संक्रमित मिले थे। दुर्गापूजा के सप्ताह में शहर में संक्रमण के मामले सामान्य सप्ताहों की तुलना में करीब 15 प्रतिशत अधिक रहे। उत्तर कोलकाता के काशीपुर-बेलगछिया इलाके में स्थिति अधिक चिंताजनक बताई गई है।रिपोर्ट के अनुसार, शहर में दर्ज कुल मामलों में लगभग 25 प्रतिशत इसी क्षेत्र से हैं। कोलकाता नगर निगम, हावड़ा और विधाननगर के कुछ वार्डों को भी सक्रिय संक्रमण वाले क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया गया है। डेंगू के बढ़ते मामलों का असर अस्पतालों में भी दिखाई दे रहा है। चार्नाक अस्पताल में पिछले सप्ताह प्रतिदिन औसतन आठ से दस डेंगू मरीज पहुंच रहे थे और दस मरीज भर्ती थे।
