कोलकाता: कड़ी सुरक्षा के बीच भाजपा नेता कुशल पांडे को गुरुवार को बैंकशाल कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में पेशी के बाद उन्हें 12 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। कुशल पांडे को मंगलवार देर रात हेयर स्ट्रीट थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
मामला पिछले दिनों बैंकशाल कोर्ट में एक यूट्यूबर की पेशी के दौरान हुए विवाद से जुड़ा है। आरोप है कि यूट्यूबर को अदालत में पेश किए जाने के दौरान हुए हंगामे के बाद कुशल पांडे और उनके साथ मौजूद लोगों की कुछ वकीलों के साथ कथित तौर पर मारपीट हुई। इस घटना में कई अधिवक्ताओं के घायल होने की बात सामने आई है।
घटना के बाद बैंकशाल कोर्ट के वकीलों में नाराजगी फैल गई थी। अधिवक्ताओं ने काम बंद करने की चेतावनी दी थी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई थी। वकीलों ने पुलिस मुख्यालय लालबाजार तक मार्च करने का भी फैसला किया था।
पुलिस ने मंगलवार देर रात कुशल पांडे को गिरफ्तार किया और गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया। रिपोर्ट के मुताबिक, अदालत में कुशल पांडे ने घटना पर खेद जताया और कहा कि वकीलों के साथ उनका कोई विवाद नहीं था। उन्होंने घटना को गलतफहमी का नतीजा बताया।
अब पुलिस हिरासत के दौरान पुलिस पूरे मामले की जांच करेगी और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा सकती है।
