स्पष्टता न्यूज़
नई दिल्ली। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित को भारतीय वायुसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। वह 31 अक्टूबर 2026 की दोपहर एयर चीफ मार्शल के पद पर कार्यभार संभालेंगे और 31 दिसंबर 2028 तक इस पद पर रहेंगे। वह मौजूदा वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह का स्थान लेंगे, जो 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगे।
एयर मार्शल दीक्षित फिलहाल वायुसेना के उप प्रमुख हैं। उन्होंने 1 जुलाई 2026 को यह जिम्मेदारी संभाली थी। करीब चार दशक के करियर में उन्होंने परिचालन, प्रशिक्षण, परीक्षण और रणनीतिक स्तर पर कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। एयर मार्शल दीक्षित को स्वदेशी विमानन परियोजनाओं में महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाना जाता है।
उप प्रमुख और अन्य वरिष्ठ पदों पर रहते हुए वह तेजस एमके-1ए, तेजस एमके-2 और उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान यानी एएमसीए जैसे कार्यक्रमों से जुड़े रहे। बंगलूरू स्थित हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड में भी उन्होंने तेजस एमके-1ए और अन्य स्वदेशी विमानन परियोजनाओं की समीक्षा से जुड़े कार्य किए। एयर मार्शल दीक्षित 6 दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना की लड़ाकू शाखा में कमीशन हुए थे।
