नंदीग्राम में 79 व रेजीनगर में 78.42 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हुमायूं कबीर मुर्शिदाबाद से गिरफ्तार, बाद में रिहा

स्पष्टता न्यूज़

नयी दिल्ली। आज तीन राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में उपचुनाव के मतदान कराए गये। पश्चिम बंगाल की दो, तमिलनाडु की दो, पुदुचेरी की एक विधानसभा सीट के अलावा असम की नगांव लोकसभा सीट खाली होने के कारण उपचुनाव कराए गये। बंगाल, असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी की सीटों पर शाम 5 बजे तक वोटिंग हुई। पूर्वी मेदिनीपुर के नंदीग्राम में 79.39 प्रतिशत वोटिंग हुई, जबकि मुर्शिदाबाद के रेजीनगर में शाम 5 बजे तक 78.42 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। चुनाव आयोग के मुताबिक वोटिंग शांतिपूर्ण रही और कुछ ही अप्रिय घटनाओं की खबर मिली।


शाम 5 बजे तक के वोटर टर्नआउट में सबसे ज्यादा 83.86% वोटिंग तमिलनाडु के मदुरंतकम में दर्ज की गई। वहीं, आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर को बंगाल के मुर्शिदाबाद में उनके पार्टी कार्यालय से पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन पर चुनाव में अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उनके बेटे गुलाम नबी आजाद भी रेजीनगर से उम्मीदवार हैं। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।मीडिया से बात करते हुए नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान ने आरोप लगाया है कि उनके पोलिंग एजेंट्स को जबरन उठा दिया गया था। जिन सीटों पर वोटिंग हुई, उनमें पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम, पुडुचेरी की थट्टानचावडी विधानसभा सीट और असम की नगांव लोकसभा सीट शामिल हैं। सभी सीटों के नतीजे 9 अक्टूबर को आएंगे।तमिलनाडु के धारापुरम विधानसभा क्षेत्र में मंगलवार को एक मतदान अधिकारी को ड्यूटी से हटा दिया गया। उस पर आरोप है कि उसने एक बुजुर्ग महिला मतदाता से ‘सीटी’ चुनाव चिह्न वाले उम्मीदवार को वोट देने के लिए कहा। इसके बाद मतदान केंद्र पर हंगामा हो गया। डीएमके और एआईएडीएमके समेत विपक्षी दलों के मतदान एजेंटों ने अधिकारी का विरोध किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी सत्तारूढ़ दल के पक्ष में काम कर रहा था।

पश्चिम बंगाल में एजेयूपी चीफ और विधायक हुमायूं कबीर की गिरफ्तारी पर शुभेंदु अधिकारी ने कहा-मुझे भी गिरफ्तार किया जा सकता है। वह बूथ से बाहर निकले और हस्तक्षेप किया। मैंने बूथ पर वोट डाला, इसके बाद मैं किराए के बूथ पर जाऊंगा और थोड़ा आराम करने के बाद कोलकाता चला जाऊंगा। अगर मैं किसी दूसरे बूथ पर जाता हूं, तो मुझे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यही नियम है।

नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव के लिए वोटिंग से ठीक एक दिन पहले चुनाव आयोग ने नंदीग्राम थाने के प्रभारी (आईसी) को बदल दिया है। सोमवार को मौजूदा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा को हटाकर उनकी जगह देबाशीष सरकार को नया प्रभारी बनाया गया। दरअसल, विपक्षी दलों ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी कि अजय कुमार मिश्रा सत्ताधारी पार्टी के करीबी हैं, जिसके बाद आयोग ने यह कार्रवाई की। मिश्रा को 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले यहां तैनात किया गया था। रेजीनगर विधानसभा उपचुनाव को लेकर एजेयूपी उम्मीदवार गोलाम नबी आजाद ने दावा किया कि अगर चुनाव निष्पक्ष तरीके से होता तो उनकी जीत 100% तय थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अभी भी पुलिस की ओर से काफी प्लानिंग की जा रही है। उनके मुताबिक, उनकी पार्टी की किसी अन्य दल से नहीं, बल्कि भाजपा से सीधी टक्कर है।

Related posts

Leave a Comment