स्पष्टता न्यूज़
ढाका। बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में 50 वर्षीय निरंजन चंद्र सूत्रधार का शव पानी में तैरते ड्रम से बरामद होने के बाद पुलिस ने हत्या के मामले की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों की सूचना पर बेगुनबाड़ी इलाके में शव मिला था. पुलिस के अनुसार मृतक के सिर और छाती पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं. मृतक निरंजन चंद्र सूत्रधार मयमनसिंह के अठारबारी बिल्डिंग इलाके में एक ज्वैलरी शॉप (साझेदारी में) चलाते थे.
बांग्लादेश के प्रमुख बंगाली अखबार ‘द डेली इत्तेफाक’ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस अभी तक यह पता नहीं लगा पाई है कि निरंजन की हत्या किसने की या इसके पीछे क्या मकसद था; शुक्रवार तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी. कोतवाली मॉडल पुलिस स्टेशन के ओसी मुहम्मद शिबिरुल इस्लाम के अनुसार, मृतक के सिर और छाती पर धारदार हथियार से चोट के निशान थे. पुलिस का मानना है कि शव को ड्रम में डालकर पानी में फेंकने से पहले ही निरंजन की हत्या कर दी गई थी.
