स्पष्टता न्यूज़
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के डेरा इस्माइल खान में शनिवार को एक पुलिस चेकपोस्ट को निशाना बनाकर बम धमाका किया गया. यह घटना दराजिंदा इलाके के पास अमन मेला चेकपोस्ट पर हुई. स्थानीय आपातकालीन सेवा रेस्क्यू 1122 के अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 अन्य घायल हुए हैं. धमाके के बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और मलबे से लोगों को निकालने का काम शुरू किया.
क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी खान मुबाशिर मलिक ने बताया कि हमलावर ने विस्फोटकों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पुलिस चेकपोस्ट से टकरा दिया. इसके बाद जोरदार धमाका हुआ. पुलिस के मुताबिक, मृतकों में दो महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल हैं. सीमा शुल्क एवं उत्पाद शुल्क विभाग के दो अधिकारी भी हमले में मारे गए हैं. पुलिस के मुताबिक, यह चेकपोस्ट मुगल कोट और दराजिंदा के बीच डीआई खान-क्वेटा रोड पर स्थित है. यह इलाका खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान की सीमा के करीब है. धमाके में पुलिसकर्मियों और सीमा शुल्क विभाग के कर्मचारियों के अलावा दो आम नागरिकों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है.
