बैंक ऑफ इंडिया, बारासात अंचल द्वारा हिंदी माह के अवसर पर आज पीएम श्री केन्द्रीय विद्यालय साल्ट लेक 1 में कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बैंक ऑफ इंडिया, बारासात अंचल के उप आंचलिक प्रबंधक श्री दिनेश कुमार यादव उपस्थित रहे। प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक एवं बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा अपनी काव्य प्रतिभा और रचनात्मक अभिव्यक्ति का परिचय दिया।
विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में हिंदी भाषा के प्रति उनकी रुचि और सृजनात्मक सोच की झलक देखने को मिली।इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उप आंचलिक प्रबंधक श्री दिनेश कुमार यादव ने कहा कि बच्चे हमारे देश के उज्ज्वल भविष्य हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत और लगन से कार्य करें तथा अपने विद्यालय, परिवार और देश का नाम रोशन करें। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना ही अपने आप में साहस की बात है। जीत और हार हमारे प्रयास का हिस्सा हैं, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण है प्रयास करना और उससे सीखना।

उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी समृद्ध संस्कृति, साहित्य और भावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। कविता जैसी साहित्यिक विधाएँ विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति को विकसित करती हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ हिंदी के प्रति रुचि और सम्मान बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। श्री यादव ने कहा कि बैंक ऑफ इंडिया द्वारा हिंदी माह के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों में अनेक कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
केन्द्रीय विद्यालय जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान में कार्यक्रम का आयोजन करना बैंक ऑफ इंडिया के लिए गर्व की बात है।उन्होंने आगे कहा कि विद्यार्थियों को वित्तीय रूप से जागरूक और साक्षर बनाना भी आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। बैंक ऑफ इंडिया वित्तीय साक्षरता के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जागरूक करने के लिए निरंतर प्रयासरत है और इस दिशा में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की गई तथा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
