स्पष्टता न्यूज़
कोलकाता। गौतम अदाणी ने पत्नी प्रीति और बेटे करण अदाणी के साथ कोलकाता के न्यू टाउन में 2,000 बिस्तरों वाले ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’ का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। अदाणी समूह के चेयरमैन अदाणी ने घोषणा की है कि उनका समूह वर्ष 2035 तक पश्चिम बंगाल में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा। लगभग 65 एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस गैर-लाभकारी (नॉन-प्रॉफिट) अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और रिसर्च केंद्र पर ₹4,000 करोड़ से अधिक का खर्च आएगा। इस अत्याधुनिक अस्पताल के 2,000 बिस्तरों में से 1,000 बिस्तर केंद्र और राज्य की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आरक्षित रहेंगे। इस समारोह में सीएम शुभेंदु अधिकारी भी थे।
अदाणी समूह के इस हेल्थकेयर प्रोजेक्ट और संबंधित संस्थानों से राज्य में 10,000 से अधिक प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। अस्पताल के शिलान्यास से पूर्व गौतम अदाणी ने सपरिवार प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर पहुंचकर मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना की। कोलकाता दौरे के दौरान गौतम अदाणी ने राज्य में निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ अहम बैठक की। समूह की योजना बंगाल में पोर्ट, लॉजिस्टिक्स, पावर जनरेशन, ट्रांसमिशन, सड़कें, पुल, रोपवे, ग्रीन सीमेंट और हाइपरस्केल डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में पूंजी लगाने की है।
राइटर्स बिल्डिंग का जीर्णोद्धार: औद्योगिक और सामाजिक प्रतिबद्धता के तहत अदाणी समूह ने कोलकाता की ऐतिहासिक ‘राइटर्स बिल्डिंग’ के संरक्षण और जीर्णोद्धार में भी सहयोग देने का ऐलान किया। गौतम अदाणी ने कहा कि अपनी भौगोलिक स्थिति के कारण पश्चिम बंगाल देश के औद्योगिक केंद्रों, पूर्वोत्तर और बंगाल की खाड़ी के बीच एक प्रमुख समुद्री व लॉजिस्टिक्स हब बनने की अपार क्षमता रखता है।

