पीएम मोदी ने एशियन गेम्स के पदक विजेताओं का उत्साह बढ़ाया

स्पष्टता न्यूज़

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को एशियन गेम्स 2026 के पदक विजेताओं से मुलाकात की। भारत ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स में कुल 85 मेडल जीते, जिसमें 21 गोल्ड, 27 सिल्वर और 37 ब्रॉन्ज शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हरमनप्रीत कौर ने जर्सी भेंट की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात के दौरान ओलंपिक 2036 की मेजबानी के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि भारत के सपने बड़े हैं और उन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास भी हर भारतीय के पास है।

जापान में एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नई दिल्ली में मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम पर संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ”हमारे सपने बड़े हैं, हमारे संकल्प भी बड़े हैं लेकिन इन्हें पूरा करने का आत्मविश्वास भी आज हर हिंदुस्तानी के पास है। इसलिए मैं पूरे विश्वास से कहता हूं कि भारत 2036 में ओलंपिक की मेजबानी करेगा।” उन्होंने कहा, ”आपका उत्साह, आत्मविश्वास ही नये भारत की सबसे बड़ी ताकत है। इसी के साथ हमें भारत को नई बुलंदियों तक पहुंचाना है। 2047 में विकसित भारत, ओलंपिक का आयोजन, नए खेलों में पदक, हम यह सारे लक्ष्य हासिल करेंगे।” प्रधानमंत्री ने एशियाई खेलों में मिले पदकों को करोड़ों भारतीयों की सफलता बताते हुए कहा, ”आप सभी युवा एथलीट इस बात के उदाहरण हैं कि जुनून जब जीत में बदलता है तो कैसे पदक के साथ चेहरे की चमक भी लेकर आता है। आपकी सफलता केवल आपकी नहीं बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की सफलता है।” इस मौके पर एशियाई खेलों में पहली बार एकसाथ स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली स्टिक और जर्सी प्रधानमंत्री को भेंट की। लगातार दूसरी बार स्वर्ण जीतने वाली दोनों क्रिकेट टीमों (पुरुष और महिला) ने भी जर्सी , तीरंदाजी में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने वाली कुमकुम मोहोद ने तीर और धनुष, स्वर्ण पदक विजेता गोल्फर प्रणवी उर्स ने गोल्फ बॉल और दस्ताने फ्रेम कराके प्रधानमंत्री को उपहार में दिए।

Related posts

Leave a Comment