स्पष्टता न्यूज़
मक्कात। सऊदी अरब के मक्का शहर की एक मस्जिद में कथित अश्लील हरकत करने वाले बांग्लादेशी जोड़े को मौत की सजा दे दी गई है। उन्हें फांसी दी गई, सिर कलम किया या गोली मारी गई, फिलहाल इसकी जानकारी नहीं है। सजा देने से पहले बांग्लादेश के दूतावास तक को खबर नहीं की गई। सऊदी अरब की सरकारी समाचार एजेंसी ‘सऊदी प्रेस एजेंसी’ (एसपीए) ने आंतरिक मामलों के मंत्रालय के हवाले से बताया कि नजरुल इस्लाम अब्दुल बशीर और सिती अख़्तर ने मक्का की एक मस्जिद में ‘अश्लील कृत्य’ किया था।
एक सऊदी अधिकारी के मुताबिक़, सुरक्षा अधिकारियों ने दोनों को गिरफ़्तार किया और संबंधित अदालत के सामने पेश किया। मंत्रालय ने बताया कि अदालत ने नजरुल इस्लाम अब्दुल बशीर और सिती अख़्तर के ख़िलाफ़ फ़ैसला सुनाया और उन पर लगाए गए आरोप साबित हो गए। जेद्दा स्थित बांग्लादेश के वाणिज्यिक दूतावास ने कहा कि उन्हें फांसी दिए जाने से पहले इसकी सूचना नहीं दी गई थी। मंत्रालय के मुताबिक़, अदालत ने मामले की गंभीरता, मस्जिद की पवित्रता के ख़िलाफ़ किए गए कृत्य और उससे जुड़ी परिस्थितियों को देखते हुए यह सज़ा सुनाई। इस मामले में सऊदी अधिकारियों ने ‘ताज़ीर’ के तहत मृत्युदंड दिया।
