स्पष्टता न्यूज
कोलकाता। पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक सुश्री गीतिका पाण्डेय ने आज (1 अक्टूबर, 2026) कांचरापाड़ा कारखाना का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उनके साथ परमानंद शर्मा, प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर; सुभाष चंद्र, मुख्य कारखाना प्रबंधक, कांचरापाड़ा; कांचरापाड़ा कारखाना के प्रधान विभागाध्यक्ष तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
महाप्रबंधक ने सियालदह से कांचरापाड़ा स्टेशन तक विंडो-ट्रेलिंग निरीक्षण किया, ताकि ट्रैक फिटिंग्स, ओवरहेड उपकरण और सिग्नलिंग प्रणालियों की स्थिति का जायजा लिया जा सके।
निरीक्षण की शुरुआत में सुश्री गीतिका पाण्डेय ने स्वच्छ भारत अभियान में भाग लिया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कार्यस्थल पर स्वच्छता एवं साफ-सफाई के महत्व पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने एलएचबी कोच के आवधिक ओवरहॉलिंग शॉप का उद्घाटन किया और एलएचबी कोचों की आवधिक ओवरहॉलिंग कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आवधिक ओवरहॉलिंग लोको शेड से एक आवधिक ओवरहॉलिंग लोकोमोटिव को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा वहां कार्यरत कर्मचारियों से बातचीत की। महाप्रबंधक ने कारखाना के महिला कर्मचारियों से भी बातचीत की और उनके लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने उनके कल्याण से संबंधित विषयों पर चर्चा की तथा उनके सामने आने वाली किसी भी कठिनाई या शिकायत के संबंध में प्रतिक्रिया मांगी। उन्होंने सहयोगपूर्ण और समावेशी कार्यस्थल के वातावरण के महत्व को रेखांकित किया। सुश्री पाण्डेय ने नवीनीकृत कारखाना म्यूजियम एवं आर्ट गैलरी का भी दौरा किया और इसका उद्घाटन किया।
