विरोध के बीच CEC ज्ञानेश कुमार के 3 दौरे टले

स्पष्टता न्यूज़

विपक्ष के हल्लाबोल के बीच मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के अब तक तीन प्रस्तावित दौरे स्थगित हो चुके हैं. इनमें उत्तर प्रदेश के मेरठ और काशी के साथ छत्तीसगढ़ का दौरा शामिल है. चुनाव आयोग ने दौरे स्थगित होने को सामान्य बताया है.

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध और इस्तीफे की मांग के बीच उनके तीन प्रस्तावित दौरे स्थगित हो चुके हैं. इनमें उत्तर प्रदेश के दो और छत्तीसगढ़ का एक दौरा शामिल है. इसके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख के दौरे भी प्रस्तावित थे, जिन्हें बाद में रद्द कर दिया गया.

हालांकि निर्वाचन आयोग का कहना है कि दौरे स्थगित होना कोई असामान्य बात नहीं है. मौसम, त्योहार और दूसरी व्यवस्थागत दिक्कतों के चलते पहले भी आयोग के अधिकारियों के दौरे स्थगित या फिर से तय होते रहे हैं.

बता दें कि 20 सितंबर को विवाद शुरू होने के बाद अगले ही दिन आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को दो कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी थी. इनमें 25 सितंबर को मेरठ में जेन जी युवाओं से मुलाकात और 28 सितंबर को काशी में छात्रों के साथ वोटर्स के लिए डिजिटल माध्यमों की सेवाओं पर संवाद का कार्यक्रम शामिल था.

इन दोनों कार्यक्रमों की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. मेरठ के कार्यक्रम के लिए करीब 1.53 करोड़ रुपये का टेंडर भी जारी किया जा चुका था. हालांकि, 21 सितंबर को अचानक इन तैयारियों को रोकने के निर्देश दिए गए. इसके बाद दोनों दौरे स्थगित कर दिए गए.

Related posts

Leave a Comment