बंगाल की खाड़ी में उठेगा चक्रवाती तूफान! इन 6 राज्यों के लिए आया बारिश और खराब मौसम का अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान के चलते आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट है। पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ में भी 28-29 अक्टूबर को असर दिख सकता है।

स्पष्टता न्यूज़

नई दिल्ली: बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है, जिसका असर आंध्र प्रदेश और ओडिशा समेत कई राज्यों में देखने को मिल सकता है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में शुक्रवार सुबह कम दबाव का क्षेत्र बना है। इसके 24 अक्टूबर को अवदाब, 25 अक्टूबर को गहरे अवदाब और 26 अक्टूबर की सुबह चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ेगा। इसके असर से 6 राज्यों पश्चिम बंगाल, बिहार, आंध्र प्रदेश, ओडिशा झारखंड और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश हो सकती है।
28 अक्टूबर की सुबह आंध्र-ओडिशा तट के पास पहुंच सकता है तूफान
IMD के महानिदेशक के मुताबिक, संभावित तूफान 28 अक्टूबर की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिणी ओडिशा के तट के पास पहुंच सकता है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि तूफान किस स्थान पर और किस समय तट से टकराएगा। इसकी अधिकतम तीव्रता का भी फिलहाल अनुमान नहीं दिया गया है। डॉ. महापात्र ने बताया कि शनिवार को जब यह सिस्टम अवदाब में बदलेगा, तब हवा की अधिकतम गति, तूफान के तट पर पहुंचने के संभावित स्थान और समय के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

Related posts

Leave a Comment