कोलकाता में ईडी ने 8 ठिकानों पर मारा छापा
कोलकाता। वित्तीय धोखाधड़ी और मनी लांड्रिंग की जांच के सिलसिले में ईडी ने सोमवार सुबह कोलकाता में आठ ठिकानों पर एक साथ छापामारी की। टालीगंज, शरत बोस रोड और कूदघाट समेत शहर के विभिन्न इलाकों में केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारियों ने तलाशी अभियान चलाया।
मामला एक निजी निवेश कंपनी से जुड़ा है, जिस पर अधिक मुनाफे का लालच देकर आम लोगों से करोड़ों रुपये जुटाने और बाद में वादे के मुताबिक रकम नहीं लौटाने का आरोप है। जांच एजेंसी के अनुसार, संबंधित कंपनी लोगों को मोटा मुनाफा और रकम लौटाने का भरोसा देकर निवेश कराती थी। आरोप है कि बाद में निवेशकों को उनकी रकम नहीं लौटाई गई। जुटाई गई राशि का इस्तेमाल रियल एस्टेट विकास और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में किए जाने की बात सामने आई है। ईडी बैंक खातों, वित्तीय रिकार्ड और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि रकम के प्रवाह का पता लगाने के साथ कथित अनियमितताओं में शामिल लोगों और कारोबारी संस्थाओं की भूमिका स्पष्ट की जा सके।
इस मामले में ईडी ने पिछले महीने कोलकाता और देश के अन्य हिस्सों में 17 ठिकानों पर तलाशी ली थी। उस दौरान कंपनी के विभिन्न कार्यालयों और उसके कई अधिकारियों के आवासों की भी जांच की गई थी। पिछली कार्रवाई से मिले सुरागों के आधार पर सोमवार को दोबारा अभियान चलाया गया।
