स्पष्टता न्यूज़
मुंबई। महाराष्ट्र के सातारा शहर में पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी 17 साल की बेटी की हत्या के आरोप में एक शिक्षक पिता को गिरफ्तार किया गया है।
सातारा के गोडोली इलाके के स्वराज्यनगर में हुई इस वारदात के बाद आरोपी ने अपने जुर्म के सबूत मिटाने के लिए एआई की मदद लेने की कोशिश की। उसने एआई से पूछा कि बेटी की हत्या के बाद सबूत कैसे मिटाए जा सकते हैं। हालांकि, एआई ने आपराधिक काम में मदद करने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने खुद ही सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने खून से सने कपड़े वॉशिंग मशीन में तीन बार धोए, फर्श से खून साफ किया और हत्या में इस्तेमाल बल्ले को छत पर छिपा दिया। बाद में पुलिस को भी गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन फॉरेंसिक जांच में उसकी कहानी सामने आ गई। पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान आर्या पुरुषोत्तम कदम (17) के रूप में हुई है। हत्या के आरोप में उसके पिता पुरुषोत्तम कदम को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की जांच के अनुसार, शनिवार की आधी रात गोडोली स्थित घर में टीवी देखने, मोबाइल फोन का ज्यादा इस्तेमाल करने और अशिष्ट व्यवहार को लेकर परिवार में विवाद हुआ था। इसी दौरान आर्या ने गुस्से में अपनी छोटी बहन के साथ मारपीट कर दी। घर का माहौल बिगड़ता देख मां अपने दो छोटे बच्चों को लेकर बेडरूम में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद घर के दूसरे कमरे में आर्या और उसके पिता के बीच फिर से कहासुनी शुरू हो गई। पुलिस के अनुसार, विवाद के दौरान आर्या ने अपने पिता पर हमला करने की कोशिश की। इससे गुस्साए पुरुषोत्तम ने घर में रखा लकड़ी का क्रिकेट बैट उठाया और आर्या के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
