स्पष्टता न्यूज
बारासात, 4 अक्टूबर। राज्य के पंचायत मंत्री दिलीप घोष ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ पर तीखा हमला बोला। रविवार को बारासात के विद्यासागर सभागार में आयोजित एक सामाजिक कार्यक्रम में राज्य भाजपा के पूर्व अध्यक्ष शामिल हुए थे। वहीं उन्होंने सीजेपी पर अपना गुस्सा जाहिर किया। इसके साथ ही उन्होंने पिछली तृणमूल सरकार की निष्क्रियता पर भी निशाना साधा। हालांकि, राज्य की दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव को लेकर दिलीप घोष बड़ी चतुराई से टिप्पणी करने से बचते दिखे।
उत्तर 24 परगना के बारासात में पंचायत मंत्री ने कहा, “विपक्ष चुनाव जीत नहीं पा रहा है। वही लोग इधर-उधर भटकने के बाद सरकार को परेशान करने के लिए एक मंच (कॉकरोच) बना लिए हैं। वही लोग उपद्रव मचा रहे हैं।” रविवार को कार्यक्रम के बाद दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को लेकर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, “कॉकरोचों में से कोई अचानक नेता नहीं बना है। वे अलग-अलग दलों से आए हैं।
जनता उन दलों का पूरा इतिहास-भूगोल जान चुकी है। वे हमारे खिलाफ चुनाव नहीं जीत पा रहे हैं। वे इधर-उधर भटकने के बाद भाजपा को परेशान करने के लिए एक मंच तैयार कर रहे हैं। वही लोग उपद्रव कर रहे हैं। इससे कुछ खास फायदा नहीं होने वाला। हमारे देश की जनता बहुत दूरदर्शी है। लोग काफी विचारशील हैं। वे अचानक किसी को कोई जिम्मेदारी नहीं सौंप देंगे। इसके अलावा विपक्ष का एक स्थान खाली है, उसी जगह को भरने की वे भरपूर कोशिश कर रहे हैं।”
