स्पष्टता न्यूज
नई दिल्ली। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस कोशिश की तारीफ की है, जिसमें वे यूक्रेन युद्ध खत्म करने का रास्ता निकालने पर बार-बार जोर देते रहे हैं। पुतिन का कहना है कि मोदी के पास ऐसे समाधान के लिए अच्छे सुझाव हैं, जो दोनों पक्षों को मंजूर हो सकें।
उन्होंने यह भी कहा कि निजी स्तर पर अच्छे संबंधों के बावजूद मोदी इस मसले को छोड़ते नहीं हैं। पुतिन ने गुरुवार को वाल्दाई अंतरराष्ट्रीय मंच की सालाना बैठक में यह बात कही। अभी हाल ही में एससीओ शिखर बैठक के दौरान पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन से कहा था कि अब अंतहीन युद्ध से युद्ध के अंत की तरफ बढ़ने का समय है।पुतिन का उक्त बयान रूसी समाचार एजेंसी टास के अलावा दुनिया के कई प्रमुख मीडिया हाउस दिखा रहा है। पुतिन ने कहा है कि युद्ध खत्म करने पर मोदी का रुख साफ है। वे उन विश्व नेताओं में हैं जो हर मुलाकात में यूक्रेन संघर्ष को रोकने का सवाल उठाते हैं और इस पर गहरी दिलचस्पी लेते हैं।पुतिन के शब्दों में, “मोदी के पास परस्पर स्वीकार्य हल निकालने के बहुत अच्छे विचार हैं।” उसी मंच पर पुतिन ने भारत की विविधता और एकता की भी तारीफ की।
