कैसा रहा एशियाड का 11वां दिन? तीरंदाजी में भारत की गोल्डन हैट्रिक, नीरू-किनान को भी स्वर्ण; कुश्ती में भी पदक

स्पष्टता न्यूज

आइची नागोया। एशियन गेम्स 2026 के 11वें दिन यानी 30 सितंबर को भारत ने शानदार प्रदर्शन किया। तीरंदाजी में भारत ने कंपाउंड की तीनों टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर गोल्डन हैट्रिक पूरी की। ज्योति सुरेखा वेंनम, पृथिका प्रदीप और चिकिथा तनिपर्थी की महिला टीम ने चीन को हराकर दिन का पहला गोल्ड दिलाया, जबकि चिकिथा और साहिल राजेश जाधव की मिश्रित टीम ने दक्षिण कोरिया को शूटऑफ में हराकर दूसरा स्वर्ण जीता। पुरुष कंपाउंड टीम ने भी चीन को मात देकर भारत के लिए तीसरा गोल्ड पक्का किया। शूटिंग में नीरू ढांडा और किनान चेनाई ने मिक्स्ड ट्रैप में स्वर्ण जीता। कुश्ती में सुनील कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया, जबकि मुक्केबाजी में लवलीना बोरगोहेन फाइनल में पहुंच गईं। भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी दक्षिण कोरिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि स्क्वाश की पुरुष और महिला टीमों ने सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्के किए।भारत ने कंपाउंड तीरंदाजी की तीनों टीम स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। सबसे पहले ज्योति सुरेखा वेंनम, पृथिका प्रदीप और चिकिथा तनिपर्थी की महिला टीम ने चीन को 238-234 से हराया। भारतीय टीम ने 24 तीरों में 238 अंक हासिल किए और इस प्रदर्शन के साथ विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। टीम ने 24 में से 22 तीरों पर परफेक्ट 10 का स्कोर किया।


इसके बाद चिकिथा तनिपर्थी और साहिल राजेश जाधव की मिश्रित टीम ने दक्षिण कोरिया को शूटऑफ में 20-19 से हराया। चार राउंड के बाद दोनों टीमों का स्कोर 157-157 था। शूटऑफ में चिकिथा और साहिल ने 10-10 का स्कोर किया, जबकि दक्षिण कोरिया की टीम 19 अंक ही बना सकी। इस जीत के साथ दोनों ने 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए कोटा भी हासिल किया। पुरुष कंपाउंड टीम ने भी दिन का तीसरा गोल्ड दिलाया। साहिल राजेश, कुशल दलाल और मणि रत्नम गणेश की भारतीय टीम ने चीन को 238-237 से हराया। तीन राउंड के बाद भारत एक अंक से पीछे था, लेकिन अंतिम छह तीरों में भारतीय टीम ने बाजी पलट दी। इस तरह भारत ने कंपाउंड तीरंदाजी के तीनों टीम इवेंट में स्वर्ण जीतकर गोल्डन हैट्रिक पूरी की।

Related posts

Leave a Comment