जारी की एडवाइजरी; रूसी सेना में भर्तियों पर क्या कहा?
स्पष्टता न्यूज
नई दिल्ली। भारत सरकार ने रूस की यात्रा करने वाले भारतीय नागरिकों के लिए नई सलाह जारी करते हुए वहां नौकरी के नाम पर मिलने वाले संदिग्ध प्रस्तावों से सावधान रहने को कहा है। सरकार ने साफ कहा है कि रूसी सशस्त्र बलों में भर्ती होना खतरनाक रास्ता है और भारतीय नागरिकों को इससे दूर रहना चाहिए। सरकार ने बताया कि पिछले दो वर्षों में कई बार भारतीय नागरिकों को विदेश में नौकरी के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इसके बावजूद ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें लोग खुद रूसी सशस्त्र बलों में शामिल होने के प्रस्ताव तलाश रहे हैं।
कुछ लोगों को उम्मीद रहती है कि उन्हें इसके बदले आर्थिक लाभ मिलेगा और बाद में वे भारत सरकार से संपर्क कर रूसी सेना से अपनी रिहाई करा लेंगे। सरकार ने इस सोच को गलत और बेहद जोखिम भरा बताया है। उसने दोहराया है कि इस तरह रूसी सशस्त्र बलों में शामिल होने का रास्ता पूरी तरह हतोत्साहित किया जाता है। सरकार के सामने ऐसे कई मामले आए हैं, जहां भारतीय नागरिक आर्थिक फायदे की उम्मीद में रूसी सशस्त्र बलों में शामिल होने के लिए तैयार हुए। इनमें कुछ लोग इस भरोसे के साथ आगे बढ़े कि बाद में भारत सरकार से मदद लेकर वे वहां से बाहर निकल जाएंगे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि ऐसा रास्ता अपनाना खतरनाक है।
