सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ फिर घेराबंदी आप-डीएमके भी विपक्ष के साथ, संसद में तीसरी बार आएगा हटाने का नोटिस?

स्पष्टता न्यूज

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर विपक्षी दल संसद में एक बार फिर नोटिस लाने की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, आम आदमी पार्टी (आप) और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) ने भी विपक्ष के प्रस्तावित नोटिस का समर्थन करने पर सहमति जताई है। दोनों दल कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन से दूरी बना चुके हैं, लेकिन चुनाव आयोग और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) जैसे मुद्दों पर विपक्षी दलों के साथ समन्वय कर रहे हैं।


सूत्रों के अनुसार, विपक्ष अगले कुछ दिनों में लोकसभा और राज्यसभा में सीईसी ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग वाला नया नोटिस पेश कर सकता है। नोटिस अभी तैयार किया जा रहा है और संसद में जमा करने से पहले कानूनी विशेषज्ञ इसकी समीक्षा करेंगे। यह ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर विपक्ष की तीसरी कोशिश होगी। इससे पहले मार्च में लोकसभा और राज्यसभा में नोटिस दिए गए थे, जिन्हें सदन के पीठासीन अधिकारियों ने स्वीकार नहीं किया था। इसके बाद अप्रैल में विपक्ष ने राज्यसभा में दोबारा नोटिस दिया था, जिसमें कुमार को हटाने के नौ आधार बताए गए थे। सूत्रों के मुताबिक, आप और डीएमके ने चुनाव आयोग के कामकाज और एसआईआर को लेकर विपक्ष के साथ अपने मतभेदों के बावजूद इस मुद्दे पर साथ आने का फैसला किया है। आम आदमी पार्टी जुलाई 2025 में इंडिया गठबंधन से औपचारिक रूप से अलग हो गई थी। दिल्ली और पंजाब में कांग्रेस के साथ चुनावी प्रतिस्पर्धा को लेकर दोनों दलों के रिश्तों में मतभेद बढ़े थे।

Related posts

Leave a Comment