स्पष्टता न्यूज़
नई दिल्ली! मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे इंडिया गठबंधन के सांसदों को बुधवार को जंतर-मंतर की ओर बढ़ने से पुलिस ने रोक दिया।
इस दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा सड़क पर लेट गईं और उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों पर खरोंचने और प्रदर्शनकारियों को जमीन पर गिराने का आरोप लगाया। पुलिस ने बाद में उन्हें वहां से हटा दिया।कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को राजधानी में विपक्षी सांसदों के साथ दोपहर 1 बजे लंच बैठक की। बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत विपक्ष के कई सांसद मौजूद रहे।
यह बैठक छह अक्तूबर को चुनाव आयोग की ओर निकाले गए विपक्षी मार्च और प्रदर्शन के अगले दिन हुई। जंतर-मंतर के पास से राहुल-प्रियंका समेत कई नेताओं को हिरासत में ले लिया है। जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस नेताओं, एनएसयूआई के छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए गए लोगों को छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया, जहां भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग की गई थी। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को भी छत्रसाल स्टेडियम लाया गया, जहां वह प्रदर्शन करती हुई नजर आईं।
कांग्रेस नेताओं ने की नारेबाजी
छत्रसाल स्टेडियम में पुलिस हिरासत के दौरान प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं ने नारेबाजी की। कांग्रेस की ओर से एक्स पर साझा किए गए वीडियो में नेता कहते दिख रहे हैं कि ज्ञानेश कुमार कहां मिलेंगे, मोदी जी की गोदी में।विपक्षी सांसद विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने जंतर-मंतर के पास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी।
