ममता बनर्जी पर चाकू से हमले की कोशिश एफआईआर दर्ज, महिला को हिरासत में लिया गया

स्पष्टता न्यूज

कोलकाता। पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर मंगलवार शाम कालीघाट स्थित उनके आवास के सामने चाकू से हमले की कोशिश का आरोप लगा है। तृणमूल कांग्रेस की सांसद डोला सेन ने दावा किया कि एक महिला चाकू लेकर ममता की ओर झपटी और उनके साथ गाली-गलौज की। महिला की पहचान तन्निष्ठा साहा के रूप में बताई गई है। डोला ने इस मामले में कालीघाट थाने के ओसी को ईमेल भेजकर शिकायत की है। घटना के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।


डोला सेन के अनुसार, मंगलवार शाम करीब छह बजे वह ममता बनर्जी और तृणमूल नेता वैश्वानर चट्टोपाध्याय के साथ कालीघाट मिलन संघ की दुर्गापूजा में जा रही थीं। इसी दौरान एक महिला ने ममता को ‘पीसी’ (बुआ) कहकर पुकारा और उनकी ओर दौड़ी। डोला का आरोप है कि महिला नशे में थी और उसने ममता पर झपटने की कोशिश की। इसके बाद वह सड़क पर लेटकर गाली-गलौज करने लगी।

डोला ने दावा किया कि महिला के हाथ में चाकू था। सांसद ने यह भी आरोप लगाया कि महिला ने खुद को सिविक वालंटियर और ममता का भांजी बताया। घटना के बाद डोला ने वहां मौजूद दो पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी दी। उनके मुताबिक, दोनों ने खुद को राज्य पुलिस का कर्मी बताया और कहा कि कोलकाता पुलिस के अधिकार क्षेत्र में होने के कारण वे कार्रवाई नहीं कर सकते। डोला ने आरोप लगाया कि पुलिस महिला को दूर ले जाकर चाय पिला रही थी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए राज्य की भाजपा सरकार पर निशाना साधा।

Related posts

Leave a Comment