बोकारो स्टील प्लांट में भीषण आग, ब्लास्ट फर्नेस के कन्वेयर बेल्ट K-21 और K-22 धू-धू कर जले

स्पष्टता न्यूज

बोकारो स्टील प्लांट में आग लगने की घटना सामने आई है। ब्लास्ट फर्नेस के बाहर कन्वेयर बेल्ट K-21 और K-22 में आग लग गई। बताया जा रहा है कि गर्म स्लैग के कारण बेल्ट में आग लगी।

झारखंड के बोकारो स्टील प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस के कन्वेयर बेल्ट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कन्वेयर बेल्ट संख्या K-21 और K-22 धू-धू कर जलने लगे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग और धुएं का गुबार काफी दूर तक दिखाई दे रहा था।

बताया जा रहा है कि कन्वेयर बेल्ट गर्म स्लैग को फर्नेस की ओर ले जा रहा था। इसी दौरान गर्म स्लैग के संपर्क में आने से बेल्ट में आग पकड़ने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने कन्वेयर बेल्ट के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।

घटना की सूचना मिलते ही प्लांट की फायर विंग की कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

क्या कहना है बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन का?
बोकारो स्टील प्लांट के चीफ कम्यूनिकेशन ऑफिसर मणिकांत धान ने प्रेस रिलीज जारी कर घटना की जानकारी दी। प्रबंधन के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे स्लैग ले जाने वाले कन्वेयर बेल्ट संख्या K-21 और K-22 में संभवतः गर्म स्लैग के कारण आग लगी थी।

प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि कन्वेयर बेल्ट फर्नेस के बाहर स्थित है और आग का प्लांट की मुख्य इकाइयों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। उत्पादन सामान्य रूप से जारी है और प्लांट के संचालन में कोई बाधा नहीं आई है। क्षतिग्रस्त कन्वेयर बेल्ट को बदले जाने की बात भी प्रबंधन ने कही है।

बता दें कि बोकारो स्टील प्लांट में लगातार इस तरह की घटनाएं देखने को मिल रही हैं। इससे पहले भी कई घटनाएं घट चुकी हैं। मजदूरों की सुरक्षा को लेकर ऐसी घटनाओं से कहीं न कहीं चिंता बढ़ गई है।

Related posts

Leave a Comment